बदायूं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन पर जनपद में पर्यावरण संरक्षण का एक अनूठा संदेश दिया गया। क्षेत्र में चलाए जा रहे ‘पर्यावरण संरक्षण सप्ताह अभियान’ के तहत वरिष्ठ सपा नेता फखरे अहमद शोबी के नेतृत्व में पूरी विधानसभा क्षेत्र में 53 अलग-अलग स्थानों पर सघन वृक्षारोपण किया गया।सपा नेता फखरे अहमद शोबी ने अपनी टीम के साथ बगली नगर, रफियाबाद विलहत, कान्हा नगला, कुंडरा, अहिरवारा और नदौलिया सहित दर्जनों गांवों का दौरा किया। इस दौरान इन सभी स्थानों पर विभिन्न प्रकार के फलदार और छायादार पौधे रोपे गए। साथ ही उपस्थित ग्रामीणों को पर्यावरण को बचाने और प्रदूषण मुक्त समाज बनाने के प्रति जागरूक भी किया गया।इस अवसर पर शोबी ने कहा कि लगातार बढ़ते प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए पौधे लगाना आज के समय में हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी बन चुका है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रेरणा से ही उनके 53वें जन्मदिन के ऐतिहासिक मौके को यादगार बनाने के लिए 53 अलग-अलग जगहों पर पौधे लगाकर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई गई है। इस दौरान ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने रोपे गए सभी पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा करने का दृढ़ संकल्प भी लिया।वृक्षारोपण के इस बड़े अभियान के दौरान मुख्य रूप से मोद प्रकाश पाल, राममोहन सिंह, हर्षवर्धन लोधी, शौकत, देवेश, मुन्ने अली, बेचे अली, अफसर अली, अली मोहम्मद सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी, निष्ठावान कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।