बदायूं। भारतीय जनता पार्टी ब्रज क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी रविवार को पहली बार जनपद के दौरे पर आ रहे हैं। जहां स्वागत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिले भर में तैयारियां पूरी कर ली हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि क्षेत्रीय अध्यक्ष के स्वागत एवं अभिनंदन के लिए विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। कार्यकर्ताओं को अलग-अलग स्थानों पर स्वागत की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी का स्वागत प्रातः 08:30 बजे पुठी सराय से शुरू होगा। इसके बाद बिनावर में कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा।

इसके उपरांत वे पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, राष्ट्रीय परिषद सदस्य हर प्रसाद सिंह पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं विधायक प्रेम स्वरूप पाठक, विधान परिषद सदस्य वागीश पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वर्षा यादव, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, पूर्व मंत्री भगवान सिंह शाक्य, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य तथा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव के आवास पर आयोजित स्वागत कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

बाद में वे उझानी स्थित बाबूजी कल्याण सिंह चौक पहुंचकर प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। यहां पार्टी पदाधिकारियों द्वारा स्वागत कार्यक्रम आयोजित है। इसके बाद वे केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा से उनके आवास पर भेंट करेंगे।
दौरे का समापन कछला चौराहा पर कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित भव्य स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम के साथ होगा।