जनपद बदायूँ के उसहैत क्षेत्र अंतर्गत कटरासादतगंज मेन सब्जी बाजार में पिछले करीब दो महीने से बिजली का पोल टूटा पड़ा है, जो केवल तारों के सहारे टिका हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी स्थान पर सप्ताह में तीन दिन सब्जी बाजार लगता है, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे पहुंचते हैं। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का यह भी कहना है कि जेई उसहैत को फोन कर सूचना देने पर कुछ ग्रामीणों के नंबर तक ब्लॉक लिस्ट में डाल दिए गए।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और बिजली विभाग से जल्द टूटे पोल को बदलवाने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।