सहसवान। बदायूं जिले के बिनावर थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि पति ने दूसरी महिला के साथ मिलकर उसे और उसके तीन मासूम बच्चों को घर से निकाल दिया और मारपीट की। 112 पर कॉल करने के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

पीड़िता पिंकी मौर्या ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी 20 जून 2005 को गांव के ही प्रमोद कुमार से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। उनके दो बेटे और एक बेटी है।

पीड़िता का आरोप है कि पिछले कुछ सालों से उसके पति के संबंध एक अन्य महिला से हैं। 2 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3 बजे पति ने बिना तलाक दिए उसे और बच्चों को घर से निकाल दिया। जब वह अपने भाई और बेटों के साथ घर लौटी, तो पति और उस महिला ने मिलकर उसके और बच्चों के साथ मारपीट की।

पीड़िता के मुताबिक उसने मौके पर 112 नंबर पर कॉल की। पुलिस भी आई, लेकिन कोई कार्रवाई किए बिना लौट गई। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी महिला ने उसे और बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी है। अब वह बच्चों के साथ दर-दर भटकने को मजबूर है।

पीड़िता ने SSP से मांग की है कि आरोपी महिला और पति पर घरेलू हिंसा व मारपीट की धाराओं में केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उसे बच्चों सहित घर में सुरक्षित रहने की व्यवस्था कराई जाए। पीड़िता ने कहा, “मेरे दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। अगर पुलिस मदद नहीं करेगी तो हम कहां जाएंगे”