मनौना धाम से डेढ़ वर्षीय मासूम के अपहरण का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार
बरेली के थाना आंवला क्षेत्र स्थित मनौना धाम से डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चे के अपहरण की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में चौंकाने वाला खुलासा यह भी हुआ है कि आरोपी मासूम को बेचने की फिराक में थे।


ऐसे हुआ मासूम का अपहरण


घटना 24 मई 2026 की है। बदायूं जनपद के थाना उसैत क्षेत्र के गांव डढ़रिया असगुणा निवासी रमन पुत्र रविंद्र, जो मनौना धाम में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत है, ने थाना आंवला पुलिस को सूचना दी कि सुबह करीब 10:30 बजे उसके तीनों बच्चे खेलते-खेलते सड़क की ओर निकल गए थे। कुछ समय बाद दो बच्चे वापस लौट आए, लेकिन डेढ़ वर्षीय छोटा बच्चा गायब था।
सूचना मिलते ही थाना आंवला पुलिस ने तत्काल एफआईआर संख्या 278/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दक्षिणी बरेली ने सर्विलांस सेल, एसओजी टीम और फील्ड यूनिट के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली के निर्देश पर बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए एसओजी, सर्विलांस और आंवला पुलिस की पांच संयुक्त टीमें गठित की गईं।


सीसीटीवी और सर्विलांस से मिला सुराग


पुलिस टीमों ने लगातार घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, डंप डाटा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान दो अज्ञात आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश और चेकिंग अभियान चलाया।


दिल्ली ले जाकर बेचने की थी तैयारी


26 और 27 मई की रात पुलिस टीमों को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी अपहृत बच्चे को बाइक से दिल्ली ले जाकर बेचने की फिराक में हैं और फुलासी मार्ग से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने ग्राम फुलासी तिराहे के पास घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ देर बाद एक बाइक पर दो युवक एक बच्चे के साथ आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगे। इसी दौरान बाइक फिसल गई और दोनों आरोपी गिर पड़े, जबकि बच्चा पास की झाड़ियों में जा गिरा।
उपनिरीक्षक सोमपाल ने तत्काल बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि उपनिरीक्षक नितिन और उनकी टीम बदमाशों के पीछे दौड़ी। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें हेड कांस्टेबल कौमिश कुमार घायल हो गए।


जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश घायल


पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम योगेश कन्नौजिया निवासी थाना गढ़िया रंगीन जनपद शाहजहांपुर तथा पवन चंदेल निवासी थाना जलालाबाद जनपद शाहजहांपुर बताए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस 315 बोर तथा बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है।


बच्चा खरीदने वालों ने किया इनकार


पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मासूम बच्चे को किसी तीसरे व्यक्ति को बेचने के लिए लेकर गए थे। हालांकि कथित खरीददारों ने यह कहकर बच्चे को लेने से इनकार कर दिया कि उन्हें 5 से 6 महीने का छोटा बच्चा चाहिए था, जबकि अपहृत बच्चा करीब डेढ़ साल का था। इसके बाद आरोपी किसी अन्य व्यक्ति को बच्चा बेचने की कोशिश में लगे थे। इसी बीच पुलिस की टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी थीं और आखिरकार मुठभेड़ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।


अस्पताल में भर्ती आरोपी और घायल पुलिसकर्मी


घायल बदमाशों और घायल हेड कांस्टेबल कौमिश कुमार को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। वहीं मुठभेड़ और अपहरण मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।