
बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देश पर रविवार को जॉइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी सदर एवं तहसीलदार सदर ने रामगंगा नदी के तटीय एवं संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय भ्रमण कर वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नदी के जलस्तर, तटीय क्षेत्रों की स्थिति तथा बाढ़ से संभावित प्रभावों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं स्थानीय स्तर पर मौजूद लोगों से रामगंगा नदी के जलस्तर और आसपास के क्षेत्रों की स्थिति के संबंध में जानकारी ली गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों का भी जायजा लिया तथा कृषि भूमि में संभावित कटान की स्थिति को देखा।
प्रशासन के अनुसार वर्तमान में स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार की आपात स्थिति नहीं है। निरीक्षण के दौरान अभी तक किसी भी प्रकार की जनहानि अथवा पशुहानि की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, नदी के जलस्तर को देखते हुए प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
अधिकारियों ने कृषि भूमि के कटान वाले संभावित क्षेत्रों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को कटान की स्थिति पर निगरानी रखने तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जलस्तर बढ़ने पर तत्काल सूचना देने के निर्देश..
उपजिलाधिकारी सदर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि रामगंगा नदी के जलस्तर एवं तटीय क्षेत्रों की स्थिति पर सतत एवं प्रभावी निगरानी रखी जाए। नदी के जलस्तर में किसी भी प्रकार की वृद्धि होने, तटवर्ती क्षेत्रों में पानी पहुंचने अथवा किसी अन्य आकस्मिक स्थिति की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

प्रशासन की ओर से संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था को सक्रिय रखने पर जोर दिया गया है। अधिकारियों को स्थानीय परिस्थितियों पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल रामगंगा नदी के आसपास स्थिति नियंत्रण में और सामान्य बताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से भी किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा किसी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।