सहसवान (बदायूं)। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के सुकुर्रा घाट पर रविवार को गंगा स्नान करने गया एक युवक डूब गया। हादसे के दो घंटे बाद तक रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिसके चलते परिजनों में आक्रोश है।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के गांव सलावतपुर निवासी बृजेश रविवार दोपहर सुकुर्रा घाट पर नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया।
शोर सुनकर घाट पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने और तलाशने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना मिलते ही सहसवान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश पाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया।
समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था। परिजनों का आरोप है कि सूचना के दो घंटे बाद भी प्रशासन की ओर से कोई प्रोफेशनल रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंची है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रेस्क्यू टीम को सूचना दे दी गई है, टीम के पहुंचते ही तलाशी अभियान तेज किया जाएगा।
घाट पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा है और परिजन युवक की सलामती की दुआ कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक युवक का कोई भी पता नहीं चल सका।