सहसवान। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर में भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
शोभायात्रा का शुभारंभ मोहल्ला नयागंज स्थित शिशु मंदिर से किया गया। इसके बाद कलश यात्रा अकबराबाद, पठान टोला और नीची निनोहार होते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। पूरे रास्ते भजन-कीर्तन और जयकारों से वातावरण भक्तिमय रहा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने संत गुरु रविदास जी के विचारों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि गुरु जी ने सदैव सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी समाज को एकजुट करने में मार्गदर्शक हैं।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष पीयूष माहेश्वरी, महामंत्री दीपक माहेश्वरी, वरिष्ठ पूर्व जिला अध्यक्ष सुभाष गौड़, देवेंद्र प्रजापति, युवा नेता नामित गुप्ता, मंडल उपाध्यक्ष राजेंद्र कश्यप, अनुसूचित मोर्चा जिला मंत्री आकाश, पुत्तन वाल्मीकि, बॉबी कोली, मंडल मंत्री अमित वाल्मीकि, अनुसूचित मोर्चा नगर अध्यक्ष सौरभ वाल्मीकि, पूर्व अध्यक्ष मनु वाल्मीकि, प्रभाकर सागर, डॉ. बादाम सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संत रविदास जी के आदर्शों पर चलने और समाज में समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया गया।