सहसवान- नगर में बिजली व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई है। पिछले 24 घंटे से उपभोक्ताओं को बमुश्किल 4 से 5 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। सबसे ज्यादा परेशानी बार-बार होने वाली कटौती और टू-फेस की वजह से हो रही है। बिजली करीब 10 मिनट आती है और आधे घंटे तक गायब रहती है।
भीषण गर्मी और उमस के बीच कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। रात में घरों में रहना मुश्किल होने के कारण कई लोग छतों और घरों के बाहर बैठकर रात गुजार रहे हैं। बिजली न आने से पानी की सप्लाई भी ठप हो गई है, जिससे पीने के पानी की दिक्कत बढ़ गई है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि शिकायत करने पर बिजली विभाग के कर्मचारी अत्यधिक ओवरलोड को कारण बताते हैं। वहीं उच्च अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास भी नाकाम हो रहा है क्योंकि फोन नहीं उठाए जा रहे हैं।
लगातार हो रही कटौती से व्यापारियों, छात्रों और घरेलू उपभोक्ताओं सभी को परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों ने बिजली विभाग से तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कर राहत दिलाने की मांग की है।
