सहसवान। वृंदावन दर्शन कर सहसवान लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक टेंपो शुक्रवार देर रात दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। टेंपो चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, सहसवान के 9 श्रद्धालु गुरुवार को वृंदावन दर्शन के लिए गए थे। शुक्रवार रात वापसी के समय उझानी से सहसवान के लिए बस न मिलने पर सभी एक टेंपो में सवार होकर निकले।

रात करीब 1:30 बजे टेंपो चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और टेंपो डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इस हादसे में टेंपो में चालक के बगल में बैठे मोहल्ला अकबराबाद निवासी 55 वर्षीय अतुल शर्मा पुत्र सियाराम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चार अन्य श्रद्धालु घायल हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज उझानी की मोर्चरी में रखवाया गया है। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।

पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार टेंपो चालक की तलाश की जा रही है।

मृतक अतुल शर्मा अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है।