सहसवान में उड़ाई जा रही हैं मुख्यमंत्री के आदेशों की धज्जियां, मुख्यमंत्री का आदेश है कि टैक्सी, बस, रिक्शा स्टैंड से अवैध वसूली को बढ़ावा तत्काल रोका जाए


सहसवान : नगर पालिका ठेका पार्किंग के नाम पर सहसवान में अवैध गुंडा टैक्स की वसूली हो रही है। यह गुंडा टैक्स वसूली जिम्मेदारों की सरपरस्ती में थ्रीव्हीलर, लोडर वाहनों से हो रही है।
अवैध गुंडा टैक्स वसूली सहसवान के शहवाजपुर, अकबराबाद चौराहा और बिसौली बस स्टैंड पर होती है। इसी तरह की टैक्स वसूली परमिट प्राप्त बसों से भी की जाती है जोकि जलालाबाद से बाया बदायूँ-सहसवान होती हुई दिल्ली जाती हैं। ऐसे और तमाम न जाने कितने ही वाहन हैं जिनसे नगर पालिका ठेका पार्किंग के नाम पर अवैध गुंडा टैक्स की वसूली की जाती है।

बदायूँ के तेजतर्रार जिलाधिकारी मनोज कुमार और तेजतर्रार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ओ.पी. सिंह की कार्यप्रणाली से आम जनता खुश है। लोगों को उम्मीद है कि अफसर अवैध वसूली कराने वाले ईओ को नहीं बख्शने बाले हैं। अवैध वसूली करने वाले गुंडों से आम जनता बेहद दुखी और डरी-सहमी नजर आ रही है।

प्रकरण सहसवान नगर पालिका परिषद का है, यहाँ अधिशासी अधिकारी राजेश कुमार खुलेआम अपने लोगों से अवैध वसूली करा रहे हैं। दबंग लोग वाहन चालकों से गुंडई करते हैं, धमकाते हैं, अधिशासी अधिकारी राजेश कुमार का संरक्षण होने के कारण पुलिस भी दबंगों का ही साथ देती है, जिससे आम जनता दुखी है और डरी-सहमी है। दहशत के चलते आम जनता शिकायत तक नहीं करती, क्योंकि अधिशासी अधिकारी राजेश कुमार के चलते पुलिस दबंगों के साथ खड़ी हो जाती है।

जिलाधिकारी मनोज कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ओ.पी. सिंह अवैध वसूली कराने वाले दबंगों पर तत्काल कार्यवाही करें ऐसा जनता चाहती है। सहसवान के लोगों को उम्मीद है कि ईओ राजेश कुमार और अवैध वसूली करने वालों पर जल्दी ही शिकंजा कसा जाएगा।

सहसवान के अकबराबाद चौराहे पर थ्री व्हीलर से अवैध वसूली का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो को देखने के बाद जिले के आला अधिकारी क्या संज्ञान लेते हैं। यह देखना अभी बाकी है।