वृक्षारोपण अभियान हेतु तहसील दातागंज व सदर में 500-500 बीघा स्थल का चयन करें

सिंगल यूज प्लास्टिक का सरल व सुविधाजनक विकल्प आमजन को उपलब्ध हो
बदायूँ : 29 अप्रैल कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी बाजपेयी सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि गंगा के किनारे वाले स्थलों पर अर्थ गंगा पर कार्य किया जाए और उसकी अवधारणा फलीभूत हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि वन विभाग आगामी वृक्षारोपण अभियान हेतु तहसील दातागंज व तहसील सदर में 500-500 बीघा का स्थल चयन करें, ताकि वहां वृक्षारोपण कराया जा सके। इसमें एनसीसी, एनएसएस व अन्य संस्थाओं को भी शामिल किया जाए। जिलाधिकारी ने गंगा आरती, गंगा किनारे के स्थल को आकर्षक बनाने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक बैन पर प्रभावी कार्यवाही हो। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक बैन के बाद आमजन को सरल व सुविधाजनक विकल्प भी उपलब्ध हो यह भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए स्वयं सहायता समूह को प्रोत्साहित कर विकल्प के लिए उत्पादों को बनाया जाए।जिससे स्वयं सहायता समूह आर्थिक रूप से संपन्न होंगे।वही आमजन को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विकल्प भी उपलब्ध होंगे।
जिला वन अधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में 67 राजस्व ग्राम गंगा के किनारे हैं। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों से कहा कि वह ऑर्गेनिक फार्मिंग को बढ़ावा देने के लिए इन 67 ग्रामों के लिए वार्षिक कार्यक्रम बनाएं और ऑर्गेनिक फार्मिंग को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा हैं कि एग्रो-फोरेस्ट्री को भी बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कहा कि वाटर एंड वेट लैंड मैनेजमेंट पर भी कार्य किया जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन विजय कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट बृजेश कुमार सिंह, जिला वन अधिकारी अशोक कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी आशुतोष चन्दोला सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।