बरेली। बरेली छावनी परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ. तनु जैन के प्रयासों से छावनी क्षेत्र में कौशल विकास और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल की जा रही है। इसी क्रम में 20 जून को बरेली छावनी परिषद में नए कौशल केंद्र का उद्घाटन किया जाएगा। यह केंद्र महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, स्वरोजगार से जोड़ने और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किया जा रहा है।
नए कौशल केंद्र के माध्यम से महिलाओं को विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे वे अपने हुनर को पहचान कर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त कर सकें। केंद्र में कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, उद्यमिता विकास और आत्मनिर्भर समाज निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कार्य किया जाएगा।
छावनी परिषद प्रशासन का उद्देश्य है कि इस पहल के माध्यम से अधिक से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जाए और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाया जाए। यह कार्यक्रम विशेष रूप से नई शक्ति यानी महिला शक्ति को समर्पित रहेगा।
इसके साथ ही विश्व योग दिवस (21 जून) के अवसर पर बरेली छावनी परिषद क्षेत्र में योग से जुड़े कई विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। लोगों को स्वस्थ जीवनशैली और योग के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विश्व योग दिवस के अवसर पर 21 जून को दोपहर में कारगिल हॉल में विशेष योग सत्र आयोजित होगा, जिसमें महाराष्ट्र से आने वाले स्वामी दा ओक्क योग के महत्व, स्वास्थ्य लाभ और जीवन में योग की भूमिका पर विशेष मार्गदर्शन देंगे।

वहीं शाम के समय धोपेश्वर नाथ मंदिर प्रांगण में चंद्र नमस्कार का विशेष आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में योग साधक और आम नागरिक शामिल होकर योग एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से जुड़ेंगे।
छावनी परिषद की यह पहल महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वस्थ समाज निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। सीईओ डॉ. तनु जैन के नेतृत्व में छावनी क्षेत्र में विकास, जनसुविधाओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को लगातार गति मिल रही है।