
रिपोर्ट -सिटिल गुप्ता
CM के संभावित दौरे से पहले एक्शन में IAS सौम्या पांडेय: साइट पर जाकर परखीं योजनाएं, अफसरों को दी सख्त चेतावनी – काम में लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं
बरेली: मुख्यमंत्री के संभावित बरेली दौरे को देखते हुए बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष IAS सौम्या पांडेय ने विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने टीम के साथ इंडस्ट्रियल टाउनशिप, महादेवपुरम आवासीय योजना, साइंस पार्क, बॉक्स विलेज, रुद्र वनम पार्क समेत दर्जनों परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। जहां खामियां मिलीं, मौके पर ही अफसरों और ठेकेदारों को फटकार लगाते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इंडस्ट्रियल टाउनशिप को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने पर मंथन..
उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने सबसे पहले CM की ड्रीम प्रोजेक्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप का निरीक्षण किया। भूमि अर्जन में आ रही बाधाओं की समीक्षा कर उसे तुरंत पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टाउनशिप को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ना बेहद जरूरी है। एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी के लिए मानचित्र में जरूरी बदलाव कर संभावनाओं को तलाशने के निर्देश दिए, ताकि बड़े निवेश और रोजगार के रास्ते खुलें।

PM आवास में लापरवाही पर नाराजगी, जल्द कब्जा देने के आदेश..
इसके बाद IAS सौम्या पांडेय ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निजी बिल्डरों द्वारा बनाए जा रहे आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को जल्द आवंटन और कब्जा दिया जाए। आवासीय परिसर को और सुंदर व सुविधाजनक बनाने के लिए बिल्डरों को सुधार के निर्देश दिए।

साइंस पार्क-बॉक्स विलेज में देरी पर फटकार, डे-टू-डे मॉनिटरिंग के आदेश..
प्रस्तावित साइंस पार्क एवं बॉक्स विलेज प्रोजेक्ट में हो रहे विलंब पर उपाध्यक्ष ने नाराजगी जताई। ठेकेदार और अफसरों को सख्त निर्देश दिए कि काम की रोजाना मॉनिटरिंग कर समय से और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री कंपोजिट स्कूल जल्द होगा तैयार..
मुख्यमंत्री कंपोजिट स्कूल परियोजना का बारीकी से निरीक्षण कर IAS सौम्या पांडेय ने निर्माण गुणवत्ता परखी। वैल्यू एडिशन के सुझाव देते हुए काम जल्द पूरा करने को कहा, ताकि बच्चों की पढ़ाई जल्द शुरू हो सके।
LIG-EWS आवासों की बाधाएं होंगी दूर
बरेली में प्रस्तावित मुख्यमंत्री की LIG और EWS आवासीय योजनाओं की समीक्षा कर निर्माण में आ रही बाधाओं को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए, जिससे काम जल्द शुरू हो सके।

रुद्र वनम पार्क को मिलेगा भव्य-दिव्य स्वरूप..
नाथ नगरी को समर्पित BDA की रुद्र वनम पार्क योजना का निरीक्षण कर उपाध्यक्ष ने कहा कि यह CM की विशेष रुचि वाली योजना है। पार्क को और भव्य, दिव्य और आकर्षक बनाने के लिए सभी पहलुओं पर काम करने के निर्देश दिए, ताकि यह नाथ नगरी की आध्यात्मिक पहचान बने।

महादेवपुरम को और आकर्षक बनाने के निर्देश..
IAS सौम्या पांडेय ने महादेवपुरम आवासीय योजना की विस्तृत समीक्षा की। योजना को और आकर्षक, सुविधाजनक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए अधिकारियों को जरूरी सुझाव दिए।
ओवरहेड टैंक-नाले के काम में ढिलाई पर चेतावनी
ग्रेटर बरेली आवासीय योजना में निर्माणाधीन ओवरहेड वाटर टैंक के धीमे काम पर ठेकेदार को चेतावनी दी। बीसलपुर रोड पर बन रहे नाले का निरीक्षण कर समय से पूरा करने को कहा, ताकि लोगों को जलभराव से राहत मिले।

STP का ट्रीटेड पानी हरित क्षेत्र में होगा इस्तेमाल
निर्माणाधीन STP यानी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण कर उपाध्यक्ष ने हर तकनीकी पहलू की जानकारी ली। काम समय से और गुणवत्तापूर्ण पूरा करने के निर्देश दिए। ट्रीटेड वाटर का हरित क्षेत्र, सिंचाई और अन्य जनोपयोगी कार्यों में अधिकतम इस्तेमाल करने पर जोर दिया।
CM की सोच के अनुरूप विकास कार्यों में आएगी तेजी
उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय, IAS के इस व्यापक निरीक्षण का मकसद मुख्यमंत्री की विकासपरक सोच के अनुरूप बरेली की महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति देना, बाधाओं का तुरंत समाधान करना और गुणवत्तापूर्ण विकास सुनिश्चित करना है।