सहसवन। गुरुवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक भैयादूज पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। इस मुबारक मौके पर बहनों ने भाई को तिलक कर भगवान से उनकी लंबी उम्र, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहन को रक्षा का वचन देते हुए उन्हें शगुन के रूप में उपहार दिए। विवाहित महिलाएं इस पावन पर्व पर मायके आईं और भाइयों को तिलक किया। भैयादूज पर्व पर सरकारी बसों में मुफ्त सेवा का महिलाओं ने खूब लाभ उठाया। महिलाएं मुफ्त बस सेवा को लेकर काफी उत्सुक दिखाई दीं। बस अड्डों पर सुबह से ही महिलाओं की भीड़ लगी रही।  बाजारों में खासी चहल-पहल रही। लोगों ने जमकर मिठाइयों की खरीदारी की। सबके घरों में दिन भर मेहमानों का आना-जाना लगा रहा। मेहमानों के स्वागत के लिए पकवान बनाए गए। बच्चों ने भी घर में खूब आनंद उठाया।