परिषदीय स्कूलों में शिक्षक नदारद, 1:15 बजे ही बंद मिला स्कूल

करवा चौथ पर दो शिक्षिकाएं छुट्टी पर, मौजूद स्टाफ भी बच्चों को छोड़कर गया
ग्रामीणों ने बीएसए से की कार्रवाई की मांग

सहसवान (बदायूं)। ब्लॉक दहगवां के प्राथमिक विद्यालय खैरपुर बल्ली में बृहस्पतिवार को शिक्षकों की बड़ी लापरवाही सामने आई। दोपहर 1:15 बजे ही स्कूल स्टाफ स्कूल में ताला लगाकर चला गया। उस समय स्कूल के बच्चे बाहर घूमते पाए गए।

ग्रामीणों के अनुसार स्कूल में तैनात दो महिला अध्यापिकाएं करवा चौथ पर्व के कारण अवकाश पर थीं। आरोप है कि इसका फायदा उठाते हुए मौजूद शिक्षक भी निर्धारित समय से काफी पहले स्कूल बंद कर चले गए।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों का समय से पहले स्कूल बंद कर देना आम बात हो गई है। कई स्कूलों में सुबह शिक्षक देर से पहुंचते हैं और दोपहर में ही चले जाते हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा नियमित निरीक्षण न किए जाने से शिक्षकों में लापरवाही बढ़ती जा रही है। इस संबंध में ग्रामीणों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से औचक निरीक्षण कर दोषी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।