भोजीपुरा, 14 अगस्त 2026। भोजीपुरा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक निजी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बस में सवार 13 बच्चों में से चार बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर घायल बच्चों को उपचार के लिए एसआरएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य बच्चों को प्राथमिक उपचार दिया गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे ग्राम जवऊआ पट्टी के पास हुई। भोजीपुरा स्थित निजी स्कूल न्यू इंग्लैन्ड की बस संख्या UP25 BT6568 बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में चार बच्चों को गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल चार बच्चों को एसआरएमएस में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। अन्य बच्चों को प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।


हादसे की सूचना मिलने पर एआरटीओ वैभव सोती मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त स्कूल बस का निरीक्षण करने के साथ ही वाहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान बस के कागजात सही पाए गए। बस चालक भूपेंद्र पुत्र सोमपाल, निवासी भोजीपुरा के ड्राइविंग लाइसेंस की भी जांच की गई, जो वैध पाया गया।


एआरटीओ ने हादसे के संबंध में मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी ली और बस की स्थिति का भी निरीक्षण किया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों को लेकर जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में बस के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की बात सामने आई है।


स्कूली बस में एक साथ 13 बच्चों के सवार होने और चार बच्चों के गंभीर रूप से घायल होने की घटना के बाद अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है। संबंधित अधिकारियों द्वारा हादसे के कारणों और स्कूल बस संचालन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।