बीडीए ने किसानों को किया करीब ₹560 करोड़ का भुगतान, 258 बैनामों के जरिए पूरी हुई भूमि क्रय प्रक्रिया
बरेली। पीलीभीत बाईपास क्षेत्र में आधुनिक एवं विश्वस्तरीय टाउनशिप विकसित करने की दिशा में बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने बड़ी पहल की है। सुनियोजित, आधुनिक और सतत शहरी विकास के उद्देश्य से प्रस्तावित इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए प्राधिकरण अब तक करीब 117 हेक्टेयर भूमि खरीद चुका है। इसके एवज में किसानों को लगभग ₹560 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है।


बीडीए के अनुसार, ग्राम कुम्हरा, नवदिया कुर्मियान, अडूपुरा जागीर, आसपुर खूबचन्द, वरकापुर, हरहरपुर, कलापुर, अहिलादपुर और मोहरिया में करीब 258 बैनामों के माध्यम से भूमि क्रय की गई है। प्राधिकरण का कहना है कि भूमि खरीद और किसानों को भुगतान की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से की जा रही है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी टाउनशिप
प्रस्तावित टाउनशिप में आधुनिक शहरी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आवासीय और वाणिज्यिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही चौड़ी सड़कें, हरित क्षेत्र, पार्क, अत्याधुनिक जलापूर्ति और सीवरेज व्यवस्था, वर्षा जल निकासी, विद्युत व्यवस्था एवं स्मार्ट स्ट्रीट लाइटिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।


टाउनशिप में सामुदायिक सुविधाओं के साथ स्वास्थ्य एवं शिक्षा संस्थानों के लिए स्थान, खेल और मनोरंजन क्षेत्र भी प्रस्तावित हैं। बीडीए का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और गुणवत्तापूर्ण जीवन-परिवेश उपलब्ध कराना है।
निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
बीडीए का मानना है कि इस परियोजना के विकसित होने से पीलीभीत बाईपास क्षेत्र में आवासीय गतिविधियों के साथ-साथ निवेश, व्यापार और वाणिज्यिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलने की उम्मीद है।


नई टाउनशिप के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी सड़क, बिजली, जलापूर्ति और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास तेज होने की संभावना है। इससे बरेली के संतुलित एवं नियोजित शहरी विस्तार को भी मजबूती मिलेगी।
बरेली विकास प्राधिकरण का लक्ष्य है कि पीलीभीत बाईपास क्षेत्र में विकसित होने वाली यह टाउनशिप आधुनिक नगरीय नियोजन, बेहतर आधारभूत सुविधाओं और पर्यावरणीय संतुलन का मॉडल बने और भविष्य में बरेली के सुनियोजित विकास की नई पहचान के रूप में स्थापित हो।