
बरेली। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने पहली बार श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और निर्बाध आवागमन के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। शनिवार को प्राधिकरण सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में उपाध्यक्ष ने मीडिया को इन व्यवस्थाओं और शहर में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी दी।
उपाध्यक्ष ने बताया कि कांवड़ मार्गों पर सड़क चौड़ीकरण, समतलीकरण, मरम्मत, बेहतर विद्युत प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, जल निकासी और यातायात में बाधा बनने वाले अवरोधों को हटाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। सभी अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि नगर के चार प्रमुख प्रवेश द्वारों को आकर्षक पुष्प सज्जा, भव्य लाइटिंग और सौंदर्यीकरण से सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए सेल्फी प्वाइंट भी विकसित किए जाएंगे, जबकि पूरे मार्ग पर शिव भजनों के माध्यम से भक्तिमय वातावरण बनाया जाएगा।
कछला की ओर से आने वाले कांवड़ यात्रियों का स्वागत बदायूं रोड स्थित तपेश्वरनाथ (मढ़ीनाथ) द्वार पर और हरिद्वार की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत रामपुर रोड स्थित अवैद्यनाथ द्वार पर किया जाएगा। यह विशेष स्वागत कार्यक्रम 16 और 17 अगस्त 2026 को आयोजित होगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भंडारा स्टॉल, विश्राम स्थल, चिकित्सा शिविर, एम्बुलेंस सेवा, कांवड़ स्टैंड, मोबाइल टॉयलेट, मोबाइल चार्जिंग हब, शुद्ध पेयजल और अंगवस्त्र वितरण जैसी व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।
प्रेस वार्ता के दौरान उपाध्यक्ष ने प्राधिकरण की भावी योजनाओं, सड़क विकास, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और शहर के सुनियोजित विकास से जुड़े विभिन्न परियोजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि BDA का उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि उन्हें पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और जनहितकारी बनाना है।
बैठक में पत्रकारों ने कांवड़ यात्रा, यातायात प्रबंधन, नागरिक सुविधाओं और विकास परियोजनाओं से जुड़े सुझाव भी दिए। उपाध्यक्ष ने सभी सुझावों का स्वागत करते हुए कहा कि मीडिया प्रशासन और समाज के बीच महत्वपूर्ण सेतु है तथा रचनात्मक सुझावों को योजनाओं में शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बरेली विकास प्राधिकरण जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शहर के समग्र और सुनियोजित विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी सभी विकास कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ जारी रहेंगे।