जनपद बदायूं के तहसील सहसवान अंतर्गत ब्लॉक दहगवां के राजकीय इंटर कॉलेज नाधा में गणित सहित अन्य विषयों के शिक्षकों के पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं। इससे छात्रों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। इस समस्या को लेकर राष्ट्रीय भ्रष्टाचार दमन परिषद, भारत ने उपजिलाधिकारी सहसवान को पत्र सौंपकर तत्काल शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की है।
परिषद के जिला अध्यक्ष पुष्पेन्द्र यादव द्वारा 01 अगस्त शनिवार को दिए गए पत्र में बताया गया कि स्कूल में शिक्षकों की भारी कमी के कारण कार्यरत शिक्षकों पर अतिरिक्त विषयों और कक्षाओं का बोझ बढ़ गया है। इससे उन्हें मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है।
पत्र में कहा गया है कि “शिक्षकों की कमी का प्रतिकूल प्रभाव विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और विद्यालय के शैक्षिक वातावरण पर भी पड़ रहा है। यदि शीघ्र ही रिक्त पदों पर नियुक्ति अथवा वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो विद्यार्थियों के भविष्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।”
राष्ट्रीय भ्रष्टाचार दमन परिषद ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि उक्त विद्यालय में गणित व अन्य विषयों के रिक्त पदों पर यथाशीघ्र योग्य शिक्षकों की नियुक्ति कराई जाए। साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारू रूप से संचालित हो सके और कार्यरत शिक्षकों पर अनावश्यक कार्यभार कम हो।
पत्र में यह भी कहा गया कि इसके लिए सभी छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं क्षेत्रवासी प्रशासन के आभारी रहेंगे।
गौरतलब है कि ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी एक बड़ी समस्या बनी हुई है, जिसका खामियाजा सीधे छात्रों को भुगतना पड़ रहा है।