बरेली: श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नवाबगंज में पहली बार ‘कांवड़ विलेज’ की शुरुआत की है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शनिवार को तहसील नवाबगंज स्थित उप मंडी परिसर में फीता काटकर इसका उद्घाटन किया।


जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ विलेज में श्रद्धालुओं के लिए स्वागत द्वार, विश्राम गृह, पंचकर्म सुविधा, पूजा स्थल, कांवड़ स्टैंड, फलाहार, भंडारा, सेल्फी प्वाइंट और पुष्प वर्षा द्वार जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि उद्देश्य कांवड़ यात्रियों को घर जैसा सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। सुरक्षा के लिए पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से की जाएगी।


उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी ने कांवड़ विलेज का निरीक्षण कर अधिकारियों को स्वच्छता, सुरक्षा और सभी आवश्यक सेवाओं के सुचारु संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने इस पहल को तहसील प्रशासन का अभिनव और सराहनीय प्रयास बताया।


इसके बाद जिलाधिकारी ने डेलापीर मंडी परिसर स्थित श्री बाबा गोपेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाए गए आरओ वाटर कूलर का उद्घाटन किया। उन्होंने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जनकल्याण और जनपद की सुख-समृद्धि की कामना भी की।


इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नवाबगंज सचिन यादव, मंडी सचिव संतोष कुमार तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।