बदायूं। उझानी कोतवाली थाना क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर बुधवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।सपा सांसद आदित्य यादव ने एक्स हैंडल पर गहरा दुख जताया है। कछला गंगा घाट के पास तेज रफ्तार में रेस लगा रहे दो ट्रैक्टरों ने सवारियों से भरे एक ई-रिक्शा को बेरहमी से रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में ई-रिक्शा सवार एक ही परिवार की 6 महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद शादी वाले घर की खुशियां पूरी तरह मातम में बदल गईं।
शादी का न्योता देने जा रहा था परिवार
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, एक ही परिवार की नौ महिलाएं ई-रिक्शा में सवार होकर अपने रिश्तेदारों को शादी का शगुन और भात (शादी का निमंत्रण) देने दूसरे गांव जा रही थीं। मृतकों में होने वाले दूल्हे की मां और बहन भी शामिल हैं। जैसे ही उनका ई-रिक्शा हाईवे पर पहुंचा, सामने से रेस लगाते हुए आ रहे ट्रैक्टरों में से एक ने ई-रिक्शा को सीधी और जोरदार टक्कर मार दी। चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
हादसे में इन्होंने गंवाई जान
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों में राजकुमारी ( 50)होने वाले दूल्हे की मां नारायणी (30) राजकुमारी की बेटी (दूल्हे की बहन)रेवती (80)राजकुमारी की जेठानी गंगाश्री (30) राजकुमारी की बहू भाभी सरला ( 32 )पारिवारिक सदस्य प्रेमवती उर्फ प्रेमा ( 32 )गांव की निवासी प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा, घायलों का इलाज जारी हादसे की भीषणता की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय नागरिकों की मदद से तीनों घायलों को तुरंत नजदीकी राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया है और फरार चालकों की तलाश की जा रही है। सपा सांसद आदित्य यादव ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।
इस हृदयविदारक घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि घायलों को तत्काल हर संभव मुफ्त और उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाए। वहीं, स्थानीय सपा सांसद आदित्य यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की है।