बदायूं। सर्राफा बाजार स्थित ऐतिहासिक 84 घंटा हनुमान मंदिर पर ज्येष्ठ पुरुषोत्तम मास का पांचवां बड़ा मंगल पर्व श्रद्धा, भक्ति भाव एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘जय श्री राम’ और ‘जय हनुमान’ के जयकारों से गूंज उठा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
आकर्षक चोला और भव्य श्रृंगार
धार्मिक
अनुष्ठान की शुरुआत प्रातः 7:30 बजे मुख्य पुजारी पंडित सुधीर मिश्रा द्वारा विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुई। उन्होंने हनुमान जी महाराज को सिंदूर एवं चमेली के तेल से लेपन कर चांदी के वर्क से आकर्षक रूप से सजाकर चोला चढ़ाया। इसके बाद सेवादारों द्वारा अर्पित नवीन वस्त्र व आभूषण पहनाकर मारुति नंदन का भव्य-दिव्य श्रृंगार किया गया। सुबह की महाआरती के बाद बजरंगबली को लड्डुओं एवं पारंपरिक गुड़-चने का महाभोग लगाया गया।
सामूहिक हनुमान चालीसा और महाआरती
शाम को ठीक 7:30 बजे भव्य आरती का आयोजन हुआ, जिसमें भारी संख्या में भक्त उमड़े। इस दौरान श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। मंदिर में सेवादार नीरज रस्तोगी, शालिनी वैश्य एवं अंकित वैश्य ने बाबा के नवीन वस्त्र-आभूषण की व्यवस्था संभाली और आरती के बाद सभी उपस्थित भक्तों में गुड़, चना एवं लड्डुओं का प्रसाद वितरित किया।
ज्येष्ठ मास के पूजन से दूर होते हैं संकट: सुधीर मिश्रा पुजारी
मंदिर के पुजारी पंडित सुधीर मिश्रा ने बड़े मंगल की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हनुमान जी महाराज कलयुग के जागृत देव और प्रभु श्री राम के परम प्रिय भक्त हैं। उन्होंने बताया कि ज्येष्ठ मास के मंगलवार को ही हनुमान जी का भगवान श्री राम से पहली बार मिलन हुआ था। इस पवित्र महीने में हनुमान जी की पूजा करने से वे अति शीघ्र प्रसन्न होते हैं और अपने भक्तों के रोग, शोक तथा जीवन में आने वाले सभी संकटों को हर लेते हैं।श्रद्धालुओं की रही भारी उपस्थितिइस पावन अवसर पर मुख्य रूप से राजकुमार सिंह सेंगर, रामगोपाल पटवा, प्रदीप पटवा, कन्हैया मिश्रा, वंश मिश्रा, नरेश प्रजापति, राजीव सैनी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु और मातृशक्ति उपस्थित रहे।