बदायूं/सहसवान। थाना सहसवान क्षेत्र के गांव हसनपुर लोढ़ा उर्फ हरि का नगला में पत्नी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार 29 मई को गांव निवासी सीमा (25) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद मामला हत्या में बदल गया। मृतका के पिता महेंद्र निवासी पाण्डेय नगला थाना कादरचौक ने अपनी पुत्री की हत्या का आरोप लगाते हुए थाना सहसवान में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। शनिवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हरदत्तपुर पुल के पास से मुख्य आरोपी भगवान्त पुत्र कृपाल निवासी हसनपुर लोढ़ा उर्फ हरि का नगला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब पीने का आदी है और इसी बात को लेकर अक्सर पत्नी से विवाद होता रहता था। घटना वाली रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने पत्नी के साथ मारपीट की और उसका गला दबा दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।