नाबालिग किशोरी के गायब होने पर पिता ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
बदायूं। थाना सहसवान क्षेत्र के ग्राम ख्याली नगला निवासी एक व्यक्ति ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपनी नाबालिग पुत्री को बरामद कराने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार 24 अप्रैल 2026 की रात उसकी 17 वर्षीय पुत्री घर से अचानक लापता हो गई। पीड़ित पिता का आरोप है कि गांव के ही कुछ युवक उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर ले गए हैं। काफी तलाश के बाद भी किशोरी का कोई सुराग नहीं लग सका।
पीड़ित ने बताया कि मामले की रिपोर्ट 26 अप्रैल को थाना सहसवान में दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक न तो लड़की बरामद हो सकी है और न ही आरोपितों की गिरफ्तारी हुई है। आरोप है कि आरोपित पक्ष द्वारा परिवार को धमकियां भी दी जा रही हैं। उसके बावजूद भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
पीड़ित पिता ने एसएसपी से मामले में त्वरित कार्रवाई कर नाबालिग पुत्री को सकुशल बरामद कराने तथा आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।