
रिपोर्ट/अलोक गुप्ता
7 से 21 मई तक घर बैठे भरें 33 सवालों का फॉर्म, SEID मिलने के बाद 22 मई से शुरू होगा घर-घर सत्यापन, DM ने दी लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
*बरेली, 7 मई से जनगणना-2027 के पहले चरण का आगाज गुरुवार को बरेली कलेक्ट्रेट सभागार से हो गया। गुरुवार सुबह 11 बजे स्व-गणना अभियान का शुभारंभ हुआ । देश में पहली बार नागरिकों को गणनाकर्मी के आने से पहले खुद ऑनलाइन अपना और परिवार का विवरण दर्ज करने की सुविधा दी गई है।
कलेक्ट्रेट परिसर में सेल्फी प्वाइंट बनाकर आम जनता को डिजिटल जनगणना से जुड़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना, बरेली सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, मेयर उमेश गौतम, भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, मीरगंज विधायक डीसी वर्मा, बिथरी चैनपुर विधायक राघवेंद्र शर्मा समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

7 से 21 मई तक मौका, 33 सवालों के बाद मिलेगी यूनिक SEID
बरेली मेयर उमेश गौतम ने बताया कि आमजन को स्व-गणना के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। 7 से 21 मई तक नागरिक जनगणना पोर्टल se.census.gov.in पर मोबाइल या लैपटॉप के जरिए 33 सवालों के जवाब भर सकेंगे। ऑनलाइन डेटा अपलोड करने के बाद एक यूनिक SEID जेनरेट होगी, जिसे संभालकर रखना जरूरी है। सत्यापन के समय यह आईडी प्रगणक को बतानी होगी।
22 मई से शुरू होगा घर-घर सर्वे, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
स्व-गणना का पहला चरण पूरा होने के बाद 22 मई से 20 जून तक मकानों की गणना शुरू होगी। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर डेटा का मिलान और सत्यापन करेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। ड्यूटी से गायब रहने या लापरवाही बरतने वाले प्रगणकों और सुपरवाइजरों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई होगी।
जनप्रतिनिधि करेंगे शुरुआत, सरकारी कर्मचारियों को भी निर्देश
सबसे पहले जिले के सांसदों, विधायकों और मंत्रियों से स्व-गणना कराई जाएगी ताकि आमजन को प्रेरणा मिले। सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को सपरिवार ऑनलाइन डेटा फीड करने के निर्देश दिए गए हैं। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि यह पहल डिजिटल इंडिया की दिशा में बड़ा कदम है। इससे डेटा में पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित होगी।