सहसवान: कोतवाली क्षेत्र के गांव रसूलपुर बेला में दो दिन पहले खेत में मिले किशोर के शव के मामले में गुरुवार को मृतक के पिता ने गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। इसमें रंजिशन हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है।
बता दें कि गांव रसूलपुर बेला निवासी दयाराम का 15 वर्षीय पुत्र गिरीश 12 फरवरी को गांव स्थित अपनी दुकान से घर जाते समय लापता हो गया था। तलाश के बाद भी पता नहीं चलने पर 16 फरवरी को किशोर के पिता ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर किशोर की तलाश शुरु कर दी थी। 24 फरवरी को गांव के पास स्थित सरसों के खेत में किशोर का शव पड़ा मिला था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। गुरुवार को मृतक के पिता दयाराम ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया। उनका कहना है कि गांव के ही मुनेंद्र, चंद्र प्रकाश और रोहित से कुछ समय पहले उनका झगड़ा हो गया था। इसको लेकर यह लोग रंजिश मानते हुए चले आ रहे थे। इसी रंजिश को लेकर उनके पुत्र की हत्या की गई है। कोतवाल धनंजय सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की ओर से शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। इसमें तीन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। इस मामले में पहले से प्राथमिकी दर्ज हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
