सहसवान, बदायूं। थाना क्षेत्र के ग्राम कुरबानपुर में उधारी के पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में एक महिला और उसके परिवार पर लाठी-डंडों व गड़ासे से हमला करने का आरोप लगा है। पीड़िता ने थाना सहसवान में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ग्राम कुरबानपुर निवासी रहीला बेगम पत्नी कर्रू खां घर पर परचून की दुकान चलाती हैं। तहरीर के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 2 बजे वह उधारी के पैसे मांगने के लिए गुलनुमा पत्नी नजर मोहम्मद के घर गई थीं। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।

आरोप है कि कुछ देर बाद हसरत पुत्र इशाक, गुलनुमा पत्नी हसरत, नजर मोहम्मद पुत्र उमर मोहम्मद तथा गुलनुमा पत्नी नजर मोहम्मद अन्य लोगों के साथ लाठी-डंडे और गड़ासा लेकर रहीला बेगम की दुकान पर पहुंचे और हमला कर दिया।

घटना के समय घर में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था। शोर सुनकर रहीला की बेटी और पुत्रवधू बाहर आईं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। गड़ासे के वार से पुत्रवधू के हाथ और सिर में गंभीर चोट आई है। बेटी के सिर में भी चोट लगी है। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। आरोप है कि जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए।

पीड़िता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।