
ऑपरेशन प्रहार: तीन दिन में 81 बसों के चालान, 59 वाहन सीज
बरेली। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर 22 से 24 जुलाई तक बरेली मंडल में अवैध एवं अनधिकृत बस संचालन के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व अपर परिवहन आयुक्त (प्रवर्तन) के.डी. सिंह ने किया। डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर कमल प्रसाद गुप्ता तथा संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रणव झा के निर्देशन में बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर में संयुक्त टीमों ने कार्रवाई की।

अभियान के दौरान विशेष टीम ने 16 वाहनों के चालान कर 11 बसों को सीज किया, जबकि स्थानीय प्रवर्तन टीम ने 65 वाहनों के चालान और 48 वाहनों को निरुद्ध किया। इस तरह तीन दिनों में कुल 81 यात्री वाहनों के चालान तथा 59 वाहनों को सीज किया गया।
जांच में सामने आया कि सीज की गई किसी भी बस के पास संबंधित मार्ग का स्थायी स्टेज कैरिज परमिट नहीं था। अधिकांश बसें ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट या ऑल यूपी कॉन्ट्रैक्ट कैरिज परमिट पर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के लिए यात्रियों का परिवहन कर रही थीं। परमिट शर्तों के उल्लंघन, दस्तावेजों की कमी और मोटरयान अधिनियम के नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई।

आरटीओ (प्रवर्तन) प्रणव झा ने बताया कि अब सभी सीज बसों का तकनीकी परीक्षण कराया जाएगा। फिटनेस, टैक्स, बीमा, पंजीकरण, परमिट तथा अनधिकृत बॉडी मॉडिफिकेशन की जांच होगी। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें पहले सुरक्षित रूप से रोडवेज बस अड्डों तक पहुंचाया गया, उसके बाद ही बसों को सीज किया गया।