सहसवान कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला बरन में एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। रिश्तेदारी में बुआ के घर आई 15 वर्षीय छात्रा गंगा नदी में नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गई। घटना के बाद से प्रशासन और गोताखोरों की टीमें लगातार छात्रा की तलाश में जुटी हुई हैं।
जानकारी के मुताबिक, छात्रा सविता (15) पुत्री कृपाल पासी, निवासी ग्राम कलकेरी, तहसील बिसौली, अपने रिश्तेदार बाबूराम पुत्र वीरपाल के घर नगला बरन आई हुई थी। बुधवार शाम वह गांव के बराबर से गुजर रही गंगा नदी में नहाने गई थी। इसी दौरान अचानक तेज बहाव आया और सविता पानी में बह गई। ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन बढ़े जलस्तर के कारण वह देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत शासन-प्रशासन को अवगत कराया। सूचना पर तहसील प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों को नदी में उतार दिया गया है। इसके अलावा जल मोटर बाइक टीम भी लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
मौके पर तहसील प्रशासन के अधिकारी, पुलिस टीम और हल्का लेखपाल कौशल कुमार कैंप किए हुए हैं। देर रात तक छात्रा का कोई सुराग नहीं लग सका था। शुक्रवार सुबह फिर से बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है।
प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों के लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में गंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ है और बहाव बहुत तेज है। ऐसे में बच्चों और लोगों को नदी में नहाने या किनारे जाने से रोकें।
फिलहाल पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।