सहसवान (बदायूं)। थाना सहसवान क्षेत्र के मोहल्ला ईशापुर नवादा निवासी एक व्यक्ति ने क्षेत्र के एक निजी अस्पताल पर प्रसव के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी को प्रार्थना-पत्र देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

प्रार्थी चमन पुत्र अहमद हुसैन ने अपने प्रार्थना-पत्र में बताया है कि करीब सात माह पूर्व उसकी पत्नी गर्भवती थी। डिलीवरी के लिए वह अपनी पत्नी को मोहल्ला पट्टी यकीन मोहम्मद, सहसवान स्थित अजान हॉस्पिटल लेकर गया था।

आरोप है कि अस्पताल में प्रसव के दौरान कथित रूप से लापरवाही बरती गई, जिसके कारण उसकी पत्नी की हालत काफी गंभीर हो गई। प्रार्थी का कहना है कि जब उसने इस संबंध में अस्पताल की संचालिका से बात की, तो उसे आश्वासन दिया गया कि पत्नी को पूरी तरह स्वस्थ कर दिया जाएगा, लेकिन उसकी तबीयत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ और हालत लगातार खराब बनी हुई है।

प्रार्थी ने पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि उक्त अस्पताल में अन्य महिलाओं के प्रसव के दौरान भी लापरवाही बरती गई है। साथ ही उसने अस्पताल में चिकित्सा संबंधी आवश्यक योग्यताओं, पंजीकरण और वैधानिक अनुमतियों के संबंध में भी संदेह जताते हुए जांच की मांग की है।

दिनांक 01/11/2026 को करीब शाम 7 बजे वह अपनी पत्नी को लेकर फिर से अजान हॉस्पिटल गया, लेकिन आरोप है कि वहां इलाज करने से मना कर दिया गया। इस कारण उसकी पत्नी को उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है और वह अपनी पत्नी के स्वास्थ्य और जीवन को लेकर काफी परेशान है।

प्रार्थी ने बताया कि उसने इस मामले की शिकायत थाने में भी की थी, जिस पर थाना सहसवान द्वारा इलाज कराने को लेकर बात हुई थी, लेकिन अभी तक इलाज नहीं कराया गया है।

प्रार्थी ने बताया कि उसने इस पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की है, ताकि उच्च स्तर से निष्पक्ष जांच होकर उसे न्याय मिल सके।

अंत में प्रार्थी ने पुलिस क्षेत्राधिकारी से प्रसव के दौरान हुई कथित लापरवाही और इलाज से मना करने के मामले में निष्पक्ष जांच कराकर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।