
आईपीएस अनुराग आर्य वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली..
बरेली। बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट से एक महत्वपूर्ण फैसला सामने आया है। हाईकोर्ट ने एसएसपी अनुराग आर्य के खिलाफ सुनवाई के दौरान की गई अपनी कठोर मौखिक टिप्पणियों को अनावश्यक बताते हुए उन पर खेद व्यक्त किया है। वहीं, अदालत ने तथ्यों को छिपाकर न्यायालय के समक्ष पेश करने वाले याची ओमेंद्र यादव पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाते हुए उनकी दोनों बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिकाएं खारिज कर दी हैं।
यह आदेश न्यायमूर्ति अतुल श्रीधरन और न्यायमूर्ति अचल सचदेव की खंडपीठ ने दिया है। इस फैसले के बाद पुलिस अधिकारी के खिलाफ की गई शुरुआती टिप्पणियों और पूरे मामले की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हुई है।
क्या था पूरा मामला?
दरअसल, याची ओमेंद्र यादव ने हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दाखिल कर आरोप लगाया था कि पुलिस ने उन्हें 8 मई से 13 मई तक अवैध रूप से हिरासत में रखा और बाद में 13 मई को उनकी औपचारिक गिरफ्तारी दिखाई गई।
मामले की सुनवाई के दौरान 27 अक्टूबर को एसएसपी की ओर से दाखिल हलफनामे में सीसीटीवी फुटेज से संबंधित विवरण उपलब्ध नहीं होने पर अदालत ने पुलिस व्यवस्था को लेकर कड़ी मौखिक टिप्पणी की थी। अदालत ने कहा था कि प्रदेश पुलिस में सीसीटीवी कैमरों के खराब होने की प्रवृत्ति अक्सर देखने को मिलती है। प्रथम दृष्टया एसपी की ओर से गलत हलफनामा दाखिल किए जाने की आशंका जताते हुए अदालत ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश भी दिया था।
तथ्य छिपाने पर याची पर 50 हजार का जुर्माना
बाद की सुनवाई में अदालत के सामने यह तथ्य आया कि याची ने अपनी याचिका में महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाई थीं। अदालत ने पाया कि कथित हिरासत की तारीख, समय और स्थान का स्पष्ट उल्लेख मूल याचिका में नहीं किया गया था। ये जानकारियां केवल समर्थन में दाखिल हलफनामे के पेज संख्या 27 पर मौजूद थीं।
खंडपीठ ने यह भी पाया कि याची ने इसी घटना को लेकर दूसरी बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका भी दाखिल की थी, लेकिन उसमें पहले से दाखिल याचिका का उल्लेख नहीं किया गया। अदालत ने इसे महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाने और न्यायिक प्रक्रिया को गुमराह करने का प्रयास माना।
एसएसपी अनुराग आर्य पर की गई टिप्पणी पर हाईकोर्ट ने जताया खेद
मामले की वास्तविक परिस्थितियां सामने आने के बाद हाईकोर्ट ने माना कि यदि शुरुआत में ही अदालत को यह जानकारी दे दी जाती कि याचिका में तथ्यों को सही तरीके से प्रस्तुत नहीं किया गया है, तो एसएसपी अनुराग आर्य को अनावश्यक रूप से नाराजगी और कठोर मौखिक टिप्पणियों का सामना नहीं करना पड़ता।
खंडपीठ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि एसएसपी के खिलाफ की गई कठोर मौखिक टिप्पणियां अनावश्यक थीं। अदालत ने इसके लिए सच्चे हृदय से खेद व्यक्त किया।
अधिवक्ता कार्यालय और याची की भूमिका पर भी टिप्पणी
हाईकोर्ट ने माना कि इस पूरे मामले में तथ्यों को सही तरीके से अदालत के सामने न रखने की जिम्मेदारी याची और राज्य की ओर से पैरवी कर रहे अपर शासकीय अधिवक्ता के कार्यालय की भी रही। यदि शुरुआत में ही याचिका में मौजूद कमियों और तथ्यों को छिपाने की जानकारी सामने आ जाती तो पुलिस अधिकारी को लेकर ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती।
अदालत ने दोनों बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिकाओं को खारिज करते हुए याची ओमेंद्र यादव पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।