बरेली, 12 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत बुधवार को बरेली में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साह देखने को मिला। शहर में आयोजित बाइक/स्कूटी तिरंगा यात्रा और पैदल तिरंगा रैली में अधिकारियों, कर्मचारियों, आईटीबीपी जवानों तथा बड़ी संख्या में जनसामान्य ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग पर देशभक्ति के नारों और हाथों में लहराते तिरंगों से माहौल राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नजर आया।


हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सुबह बिशप मंडल इंटर कॉलेज से बाइक एवं स्कूटी तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिलाधिकारी स्वयं भी यात्रा में शामिल हुए। सुबह करीब 9 बजे शुरू हुई यह यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में बाइक और स्कूटी सवारों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर सहभागिता की।
यात्रा के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से शहर गूंज उठा। तिरंगे के साथ युवाओं, अधिकारियों और आम नागरिकों की सहभागिता ने अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया।


शाम को निकली पैदल तिरंगा रैली


इसी क्रम में शाम 5 बजे पंचायती राज विभाग, ग्राम्य विकास विभाग तथा अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पैदल तिरंगा यात्रा में सहभागिता की। यह रैली विकास भवन परिसर से प्रारंभ होकर गांधी उद्यान, चौकी चौराहा, जिलाधिकारी आवास के सामने से होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
पैदल रैली में बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और अन्य लोग हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। पूरे मार्ग पर देशभक्ति का वातावरण नजर आया और लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं उत्साह दिखाई दिया।


डीएम ने कहा—तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक..


इस अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपना योगदान दे। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन से अपील की कि हर घर तिरंगा अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाए।
उन्होंने लोगों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराने की अपील की। जिलाधिकारी ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं और नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना तथा राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


14 अगस्त की तिरंगा यात्रा को लेकर भी सक्रिय सहभागिता का आह्वान..


जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 14 अगस्त को आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा में भी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें और हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।
उन्होंने कहा कि अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी हो। लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति अपने कर्तव्यों के लिए प्रेरित किया जाए।


ये अधिकारी रहे मौजूद..


तिरंगा यात्रा एवं रैली में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, संयुक्त मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी सदर इशिता किशोर, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके साथ ही आईटीबीपी के जवानों और जनसामान्य ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बाइक/स्कूटी यात्रा से लेकर पैदल तिरंगा रैली तक पूरे कार्यक्रम में लोगों का उत्साह देखते ही बना। राष्ट्रीय ध्वज के साथ निकली इन यात्राओं ने बरेली में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का संदेश दिया।