सहसवान, बदायूं। “हर घर तिरंगा, हर घर स्वाभिमान” के संकल्प के साथ बुधवार को सहसवान नगर में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ ऐतिहासिक संस्कृत पाठशाला से हुआ और यह नवादा, विल्सनगंज तहसील मार्ग से होते हुए पुनः संस्कृत पाठशाला पर पहुंचकर संपन्न हुई।
सुबह से ही संस्कृत पाठशाला परिसर में कार्यकर्ताओं और स्कूली बच्चों का जमावड़ा शुरू हो गया था। सभी के हाथों में तिरंगा और मुख पर देशभक्ति के नारे थे। बैंड-बाजे की धुन और “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” के जयकारों के बीच यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, आमजन भी घरों की छतों और दुकानों से तिरंगा लहराकर स्वागत करते नजर आए। नवादा और बिरसागंज क्षेत्र में फूलों की वर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया गया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिसने माहौल को और अधिक देशभक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस मौके पर डीके भारद्वाज, अनुज महेश्वरी, पीयूष महेश्वरी, दीक्षा महेश्वरी, सौरभ महेश्वरी, चौधरी पुत्तन, आजाद, हिमांशु महेश्वरी, देवेंद्र प्रजापति, मदनलाल, धर्मवीर शाक्य, बॉबी कोहली, कांता प्रसाद, दीपक माहेश्वरी, आकाश वाल्मीकि, दुर्गेश महेश्वरी, नितिन शर्मा सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। छात्र-छात्राओं ने अनुशासन के साथ यात्रा में भाग लेकर सबका ध्यान आकर्षित किया।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान-शान है। ऐसी यात्राएं नई पीढ़ी में देशप्रेम और एकता की भावना जगाती हैं। उन्होंने सभी से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
यात्रा का समापन संस्कृत पाठशाला परिसर में राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद मिठाई वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया। पूरे दिन सहसवान का माहौल केसरिया और तिरंगे के रंग में रंगा रहा।