बरेली, 27 जून। मुख्यमंत्री के 30 जून को प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी अविनाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, पुलिस अधीक्षक नगर, बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सौम्या पांडे, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने संभावित कार्यक्रम स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों की प्रगति देखी और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के आगमन से जुड़ी सभी तैयारियां समयबद्ध, सुव्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी की जाएं।


उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, बैरिकेडिंग, पार्किंग सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समय से व्यवस्थाएं पूर्ण करें।
एसएसपी बरेली ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, रूट व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की।
वहीं नगर निगम, विकास प्राधिकरण और अन्य विभागों को साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर सभी तैयारियां लगातार जारी हैं और प्रत्येक व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जा रही है।