सहसवान, बदायूं। क्षेत्र के कौल्हाई स्थित पाल इंडेन गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं के शोषण का मामला सामने आया है। एजेंसी संचालक पर आरोप है कि वह गैस केवाईसी (e-KYC) और मोबाइल नंबर अपडेट कराने के नाम पर मनमाने पैसे वसूल रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी की मनमानी के कारण उन्हें गैस सिलेंडर पाने के लिए घंटों लाइन में लगने के बावजूद खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
निशुल्क सेवा का ले रहे दाम
उपभोक्ताओं ने बताया कि ई-केवाईसी कराने के लिए उनसे 300 से 400 रुपये तक की अवैध मांग की जा रही है। वहीं, पासबुक में मोबाइल नंबर दर्ज कराने के लिए भी 20 से 30 रुपये का शुल्क लिया जा रहा है। जबकि इंडियन ऑयल कंपनी के स्पष्ट निर्देश हैं कि ये सेवाएं पूरी तरह से निशुल्क हैं, लेकिन इसके बावजूद एजेंसी संचालक इन नियमों को धता बताकर अपनी मनमानी कर रहे हैं।
होम डिलीवरी के नाम पर उपभोक्ताओं के साथ छलावा
एजेंसी संचालक पर होम डिलीवरी सेवा में भी लापरवाही बरतने का आरोप है। उपभोक्ताओं का कहना है कि महीनों बीत जाने के बाद भी उन्हें गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। यदि कोई उपभोक्ता अपनी समस्या लेकर एजेंसी पहुंचता है, तो संचालक द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस एजेंसी की तत्काल जांच कर संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।