जरीफनगर क्षेत्र में दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर नंबर UP24BF6172 आया सामने, पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर
बदायूं। थाना जरीफनगर क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से नौ माह के मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ जनपद के थाना पाली मुकीमपुर क्षेत्र के ग्राम दत्ताचोली बुजुर्ग निवासी शीलू पुत्र हरिसिंह 12 नवंबर 2026 को अपनी पत्नी सुधा और नौ माह के बेटे रौनी के साथ मोटरसाइकिल से अपनी ससुराल बक्सर से घर लौट रहे थे। शाम करीब तीन बजे थाना जरीफनगर क्षेत्र के नवाबगंज मजरा दहगवां मार्ग पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में नौ माह के मासूम रौनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां सुधा गंभीर रूप से घायल हो गईं। पीड़ित पिता शीलू ने थाना जरीफनगर पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित की ओर से उपलब्ध कराई गई तस्वीर में हादसे में शामिल बताया जा रहा ट्रैक्टर नंबर UP24BF6172 दिखाई दे रहा है। ट्रैक्टर चालक का नाम अभी सामने नहीं आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से ट्रैक्टर नंबर के आधार पर वाहन और चालक की पहचान कर निष्पक्ष जांच तथा उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
नौ माह के मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। अब देखना होगा कि पुलिस मामले में क्या कार्रवाई करती है।