बदायूं सहसवान। भाई को राखी बांधने के लिए पति के साथ बाइक से मायके जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उसका पति भी घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार थाना बिल्सी तहसील क्षेत्र के ग्राम मई बसई निवासी शुभम कुमार पुत्र धन सिंह अपनी पत्नी अर्चना को लेकर थाना जरीफनगर क्षेत्र के ग्राम मालपुर ततैरा जा रहे थे। अर्चना को अपने भाई को राखी बांधनी थी। दोनों बाइक से बदायूं-मेरठ राज्य मार्ग पर जा रहे थे।
बताया गया कि सिलहरी मोड़ के पास अचानक अर्चना की साड़ी बाइक के पिछले पहिए में फंस गई। साड़ी पहिए में लिपटने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में अर्चना को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके पति शुभम कुमार भी घायल हो गए। हादसे के दौरान उनके दोनों बच्चे भी सड़क पर दूर जा गिरे।
घटना की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने अर्चना को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल शुभम कुमार का प्राथमिक उपचार किया गया।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर सील कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। घटना के बाद मायके और ससुराल पक्ष के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदल गईं।
Oplus_131072