• राजस्व टीम के साथ पहुंचे सत्ताधारी नेता के गुर्गे, विरोध पर बिना कार्रवाई लौटे
  • रात के अंधेरे में बुलडोजर चलाकर रेस्टोरेंट के पास की खुदाई, पीड़ित ने लगाया मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप
    बदायूं।उत्तर प्रदेश की योगी सरकार जहां एक तरफ भू-माफियाओं के खिलाफ बुलडोजर मॉडल के तहत सख्त कार्रवाई का दावा कर रही है, वहीं सत्ताधारी नेताओं के कथित गुर्गे ही इस मॉडल को ठेंगा दिखाते नजर आ रहे हैं। सत्ता के रसूख और प्रशासनिक शह के बल पर आम जनता की जमीनों पर कब्जे और उत्पीड़न किया जा रहा है।
    मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद पुलिस और राजस्व टीम को साथ लेकर जबरन कब्जा करने की कोशिश की गई। जब पीड़ित ने कार्रवाई का लिखित आदेश मांगा, तो टीम बगले झांकने लगी। भारी हंगामे के बाद दिन में बैरंग लौटी टीम के शह पर रात के अंधेरे में बुलडोजर चलाकर तोड़फोड़ की गई।

दिन में बैरंग लौटी टीम, रात में चला बुलडोजर

पूरा मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के कुरऊ रोड स्थित ग्राम पंचायत चुंगी बाहर का है। पीड़ित मुशाहिद खान पुत्र मोहम्मद मियां ने उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित के मुताबिक, कुरऊ रोड पर उनकी पुश्तैनी जमीन है, जिस पर वर्तमान में ‘फ्रेंड्स जोन रेस्टोरेंट’ संचालित हो रहा है। इस जमीन से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन है।आरोप है कि बीते 17 जून की शाम करीब पांच बजे राजस्व विभाग की टीम अचानक कुछ बाहरी लोगों और सत्ताधारी जनप्रतिनिधि के गुर्गों के साथ मौके पर धमक गई। टीम ने एक कथित समझौता नामा दिखाते हुए जमीन पर कब्जा करने का प्रयास शुरू कर दिया।

आदेश दिखाने को कहा तो मूकदर्शक बनी रही राजस्व टीम

जब रेस्टोरेंट संचालक मुशाहिद खान ने इस अवैध कार्रवाई का विरोध किया और राजस्व टीम से जमीन पर कब्जा लेने या बुलडोजर चलाने का आधिकारिक आदेश दिखाने को कहा, तो टीम कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सकी। इस दौरान पीड़ित पक्ष और राजस्व टीम के बीच जमकर तीखी नोकझोंक और हंगामा हुआ। पीड़ित का आरोप है कि राजस्व टीम के साथ आए सत्ताधारी नेता के गुर्गे लगातार उन्हें भुगत लेने की धमकियां दे रहे थे। हंगामा बढ़ता देख दिन में तो टीम को वापस लौटना पड़ा, लेकिन मामला यहीं नहीं रुका।
रात में रेस्टोरेंट के पास कराई खुदाई

पीड़ित मुशाहिद खान का गंभीर आरोप है कि दिन में नाकाम होने के बाद विपक्षी भू-माफिया और सत्ताधारी नेता के गुर्गों ने रात के अंधेरे में रेस्टोरेंट को निशाना बनाया। देर रात बुलडोजर लाकर रेस्टोरेंट के आसपास की जमीन पर जबरन खुदाई करा दी गई। विरोध करने पर पीड़ित पक्ष के साथ मारपीट, धमकाने और रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ करने का भी आरोप है।
पीड़ित ने अब जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों से भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। सत्ता पक्ष के जुड़े होने के कारण यह मामला अब शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।जनपद में सत्ता और रसूख के बल पर पनपे भू-माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामले में बदायूं शहर के एक रसूखदार जनप्रतिनिधि के गुर्गों द्वारा स्थानीय और बाहरी भू-माफियाओं के साथ मिलकर कीमती जमीनों पर अवैध कब्जा करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस खेल में बदायूं के चिन्हित भू-माफियाओं के साथ दातागंज का एक भू-माफिया भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।