लालूआनगला विद्युत उपकेंद्र की मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया
इस्लामनगर । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बुधवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर बिसौली के पूर्व विधायक कुशाग्र सागर ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने बिसौली विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा।

पूर्व विधायक कुशाग्र सागर ने लालूआनगला क्षेत्र में लंबे समय से लंबित विद्युत उपकेंद्र स्थापना की मांग को प्रमुखता से उठाते हुए क्षेत्र में व्याप्त बिजली समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत से जुड़े मुद्दों पर भी मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित कराया।
उन्होंने क्षेत्र में जनहित कार्यों में लापरवाही बरत रहे कुछ अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर जनता की नाराजगी भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी तथा प्रशासनिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने की आवश्यकता बताई। इसके अतिरिक्त क्षेत्र की अन्य जनसमस्याओं एवं विकास से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक कुशाग्र सागर ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता जनार्दन की सेवा और क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का कार्य भी पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में विकास, सुशासन और जनविश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।