सहसवान नगर के सैफुल्लागंज मार्ग एवं गोपालगंज मार्ग पर लंबे समय से बनी हुई जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रत्याशी नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अनुज माहेश्वरी ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद सहसवान को ज्ञापन सौंपकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
ज्ञापन में अनुज माहेश्वरी ने कहा कि उक्त दोनों मार्गों पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण लगातार जलभराव बना रहता है, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी विकराल हो जाती है तथा लोगों का घरों से निकलना तक दूभर हो जाता है। गंदे पानी एवं कीचड़ के कारण क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका की उदासीनता एवं कार्यप्रणाली की अक्षमता के कारण स्थानीय निवासी नारकीय स्थिति में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। हाल ही में जलभराव वाले क्षेत्र में विद्युत करंट प्रवाहित हो जाने से दो बैलों की दर्दनाक मृत्यु हो गई थी तथा बड़ी जनहानि होते-होते बची। यह घटना नगर की बदहाल व्यवस्थाओं एवं जनसुरक्षा के प्रति गंभीर लापरवाही को उजागर करती है।
अनुज माहेश्वरी ने अपने ज्ञापन में स्पष्ट कहा कि नगर के प्रत्येक नागरिक को बिना किसी भेदभाव के मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका परिषद की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं कराया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने अधिशासी अधिकारी से मांग की कि समस्या का त्वरित संज्ञान लेते हुए स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, जिससे स्थानीय जनता को राहत मिल सके।
उल्लेखनीय है कि भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनुज माहेश्वरी लगातार जनता के बीच सक्रिय रहकर जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। दो बार नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के बावजूद उन्होंने जनसेवा का मार्ग नहीं छोड़ा और निरंतर क्षेत्र की समस्याओं एवं जनहित के मुद्दों को प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखते रहे हैं।
पूर्व में भी जब सहसवान बाजार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के अंतर्गत ध्वस्त किए जाने की कार्रवाई प्रस्तावित हुई थी, तब अनुज माहेश्वरी ने उच्च अधिकारियों, लोक निर्माण विभाग एवं तत्कालीन मंत्री से मुलाकात कर व्यापारियों का पक्ष मजबूती से रखा था। उनके सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप बाजार को ध्वस्त होने से बचाया जा सका तथा स्थानीय व्यापारियों के हितों की रक्षा हुई।
क्षेत्रीय जनता के सुख-दुःख में सदैव सहभागी रहने तथा जनहित के मुद्दों को मुखरता से उठाने के कारण श्री अनुज माहेश्वरी को सहसवान क्षेत्र में एक सक्रिय, संघर्षशील एवं जनहितैषी जननेता के रूप में देखा जाता है।