बरेली, 5 अगस्त। जनपद बरेली ने किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करने की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आईएएस देवयानी के नेतृत्व और सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप बरेली ने एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। मार्च 2026 से अब तक जिले में 14 वर्ष तक की 25,053 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है, जो प्रदेश में सर्वाधिक है।


प्रदेश सरकार द्वारा नियमित टीकाकरण (आरआई) कार्यक्रम में एचपीवी वैक्सीन को शामिल किए जाने के बाद यह अभियान और अधिक गति से आगे बढ़ रहा है। 4 अगस्त 2026 को महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में आयोजित 24वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए एचपीवी वैक्सीन को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल किए जाने का औपचारिक शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में विशेष एचपीवी टीकाकरण शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें 11 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन की खुराक दी गई। यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जनपद में 14 वर्ष तक की कुल 55,336 पात्र किशोरियों को टीका लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें से अब तक 25,053 किशोरियों का टीकाकरण पूरा हो चुका है, जो 45.3 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के बराबर है। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर बरेली प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंच गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अब नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक बुधवार और शनिवार को आयोजित होने वाले टीकाकरण सत्रों में पात्र किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन की एक खुराक दी जाएगी। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक किशोरियों को समय रहते इस गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करना है।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों को निर्धारित टीकाकरण सत्रों में अवश्य लेकर आएं, ताकि उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके। बरेली का प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करना जनपद के प्रभावी स्वास्थ्य प्रबंधन और जनजागरूकता अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।