बदायूं।भाजपा द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत आर.के रिसोर्ट, कृष्णा लॉन में जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. अरुण कुमार सक्सेना रहे।

डॉ. सक्सेना ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का संपूर्ण जीवन “राष्ट्र प्रथम” की भावना, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए पथप्रदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि का संदेश देता है डॉ. मुखर्जी का संपूर्ण जीवन।

केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि डॉ. मुखर्जी शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्रीय एकता के प्रबल समर्थक थे। वर्ष 1951 में जनसंघ की स्थापना कर उन्होंने राष्ट्रवादी विचारधारा को संगठित स्वरूप दिया। कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाएं।

क्षेत्रीय अध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा व बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि स्वतंत्र भारत के प्रथम उद्योग मंत्री के रूप में डॉ. मुखर्जी ने देश के औद्योगिक विकास की मजबूत आधारशिला रखी। चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स, सिंदरी उर्वरक संयंत्र जैसी परियोजनाओं को गति दी।

कार्यक्रम में नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव का कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। यह दायित्व डॉ. मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी बढ़ाता है।

जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय, सुशासन, आत्मनिर्भर भारत का कार्य डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रनिर्माण के विचारों का विस्तार है। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता व दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने भी संबोधित किया।

मंच संचालन जिला महामंत्री शैलेन्द्र मोहन शर्मा ने किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल, पूर्व विधायक प्रेमस्वरूप पाठक, धर्मेंद्र शाक्य, हरप्रसाद सिंह पटेल, जे.के सक्सेना सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।