
श्रद्धालुओं को फल एवं प्रसाद वितरित कर किया उत्साहवर्धन, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा
बरेली, 7 अगस्त। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र, बरेली अजय कुमार साहनी एवं मण्डलायुक्त बरेली शंभू कुमार द्वारा कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान श्रद्धालु कांवड़ियों को फल एवं प्रसाद वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा पार्किंग स्थलों, रूट डायवर्जन, कंट्रोल रूम, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने हेतु सभी व्यवस्थाएं सतत रूप से प्रभावी रखी जाएं।
मिशन शक्ति केन्द्रों का निरीक्षण, महिला सुरक्षा पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान महिला कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सहायता एवं सुविधा हेतु थाना भमोरा, जनपद बरेली एवं थाना विनावर, जनपद बदायूँ में स्थापित मिशन शक्ति केन्द्रों (MSK) का भी निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने केन्द्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, महिला सहायता एवं परामर्श व्यवस्था, हेल्पलाइन संबंधी जानकारी तथा जनजागरूकता गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान मिशन शक्ति के उद्देश्यों के अनुरूप केन्द्रों के प्रभावी संचालन एवं महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

गंगा स्नान एवं पार्किंग व्यवस्थाओं की समीक्षा
गंगा स्नान हेतु आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए चिन्हित स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, पर्याप्त पुलिस बल तैनाती के निर्देश
मण्डलायुक्त एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक महोदय द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। गंगा घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के दृष्टिगत पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए।
स्नान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, दुर्घटना अथवा असुविधा उत्पन्न न होने पाए तथा प्रत्येक संवेदनशील स्थल पर सतत निगरानी रखी जाए।

यातायात, भीड़ नियंत्रण एवं समन्वय पर विशेष निर्देश
अधिकारियों द्वारा भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन सहायता, पार्किंग प्रबंधन, रूट डायवर्जन एवं यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों का आवागमन सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध बना रहे।
सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
डीजे, सीसीटीवी एवं ड्रोन से निगरानी के निर्देश
कांवड़ यात्रा के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं डीजे का प्रयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कराने के निर्देश दिए गए। किसी भी प्रकार के अतिक्रमण, अव्यवस्था अथवा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में तत्काल वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया।
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही असामाजिक एवं अराजक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष दृष्टि रखते हुए शांति व्यवस्था भंग करने अथवा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल कठोर विधिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

समन्वय के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश
मण्डलायुक्त एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक महोदय द्वारा सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि सभी तैयारियां समय से पूर्ण करते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे कांवड़ यात्रा सकुशल, शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न कराई जा सके।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, बदायूँ अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर, बदायूँ राहुल पाण्डेय सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।