Oplus_131072

सहसवान (बदायूं)। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रामलीला महोत्सव के शुभारंभ से पूर्व श्री गणेश शोभायात्रा सहसवान नगर में बड़े ही धूमधाम और भक्तिमय माहौल में निकाली गई।

सोमवार शाम रामलीला मैदान से शोभायात्रा का शुभारंभ श्री गणेश पूजन और आरती के साथ हुआ। रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने भगवान गणेश की प्रतिमा की विधि-विधान से पूजा कर यात्रा को रवाना किया।

शोभायात्रा में आकर्षण का केंद्र काले अखाड़े के कलाकार रहे, जिन्होंने जगह-जगह हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों का मन मोह लिया। बैंड-बाजों की मधुर धुन और ढोल-नगाड़ों की थाप पर युवाओं की टोली नाचते-गाते चल रही थी। फूलों से सजी बग्घी पर विराजमान भगवान श्री गणेश की विशाल प्रतिमा के दर्शन के लिए सड़कों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

यह शोभायात्रा रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर नवादा, कोतवाली, मुख्य बाजार, पठान टोला, तहसील गेट, बिसौली बस स्टैंड सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई वापस रामलीला मैदान पर पहुंचकर संपन्न हुई।

पूरे मार्ग में नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। “गणपति बप्पा मोरया, मंगलमूर्ति मोरया” के जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय हो गया।

इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहे। शोभायात्रा के साथ पुलिस प्रशासन मौजूद रहा।

इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष सहित नगर के गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।