सहसवान, बदायूं। क्षेत्र में बुधवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गांव होतीपुर निवासी सुभाष (25) की मौत और सोनपाल (52) के गंभीर रूप से घायल होने की खबर से गांव में शोक की लहर है।

बताया गया कि दोनों बुधवार शाम बाइक से खितौरा सामान लेने गए थे और रात करीब सात बजे लौटते समय बहबलपुर के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी थी।

इसी घटना को लेकर आज वरिष्ठ भाजपा नेता विक्रांत यादव मृतक सुभाष के आवास होतीपुर पहुंचे। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

इस दौरान विक्रांत यादव ने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह परिवार के साथ हैं और घायल सोनपाल के बेहतर इलाज के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रशासन से अज्ञात वाहन के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग भी की।