सहसवान। विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सहसवान 113 विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई हैं। इसी क्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं सहसवान के मूल निवासी अनुज माहेश्वरी ने अपने आवास पर दीपावली स्नेह मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार नीरज सक्सेना ने की।
कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के पत्रकारों को दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं और 13 नवंबर से आवास पर ही प्रारंभ होने वाली श्रीमद् भागवत कथा के लिए सभी को आमंत्रित किया गया।
कार्यक्रम में पदाधिकारी अनुराग दीक्षित, मुनेंद्र शाक्य, मंडल अध्यक्ष राजीव शर्मा, ललतेश ठाकुर, परमवीर शाक्य, वीरपाल यादव, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सुभाष गुप्ता, विधानसभा के वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाष गौड़, अवधर शर्मा, पुरुषोत्तम टाटा सहित पार्टी के सभी मंडल अध्यक्षों और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे।
सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि सहसवान विधानसभा से स्थानीय प्रत्याशी होने से कार्यकर्ताओं में अधिक ऊर्जा का संचार होगा और स्थानीय प्रत्याशी क्षेत्र की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझकर जनता के बीच अधिक समय दे सकेगा। उन्होंने स्थानीय प्रत्याशी की मांग का समर्थन किया।
इस अवसर पर अनुज माहेश्वरी ने सभी वरिष्ठ नेताओं से आशीर्वाद लेते हुए कहा कि वह भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ता हैं और लंबे समय से पार्टी का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बूथ अध्यक्ष से लेकर जिला अध्यक्ष युवा मोर्चा और अब जिला उपाध्यक्ष की भूमिका में पार्टी की सेवा की है। समय-समय पर पार्टी के विभिन्न अभियानों का कुशल संचालन किया है और पिछले सभी चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में पार्टी ने उन्हें 2 बार नगर पालिका चुनाव में टिकट दिया, तो उन्होंने अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए अप्रत्याशित, ऐतिहासिक मत हासिल किए। वह निरंतर क्षेत्र में जनता की सेवा कर रहे हैं।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पत्रकारों ने सहसवान विधानसभा से टिकट के विषय में अनुज माहेश्वरी से पूछा तो उन्होंने कहा कि मैं भारतीय जनता पार्टी से सहसवान विधानसभा से टिकट का इच्छुक हूं। यदि पार्टी विधानसभा चुनाव लड़ने का आदेश करेगी तो चुनाव लडूंगा। स्थानीय टिकट या स्वयं का टिकट मांगने का अर्थ किसी का विरोध करना बिल्कुल नहीं है। पार्टी का सच्चा सिपाही होते हुए पूर्व की ही भांति कमल के फूल को विजयी बनाने हेतु परिश्रम की पराकाष्ठा करूंगा। अंतिम निर्णय पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व का ही होगा, जो सभी को मान्य होगा।”
कार्यक्रम में मौजूद सभी पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आस्था व्यक्त की और कहा कि सबका एक ही लक्ष्य है – सहसवान में कमल खिलाना।