इस्लामनगर। हाथरस के सिकन्द्राराऊ में आयोजित भोले बाबा के सत्संग में मंगलवार को अचानक भगदड़ मच जाने के कारण इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव लभारी निवासी धर्मवती (45) पत्नी जगपाल सिंह की मृत्यु हो गयी थी। 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन राहत कोष से अनुदान के रूप में 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की

घोषणा के क्रम में डीएम मनोज कुमार के निर्देश पर बिसौली एसडीएम कल्पना जयसवाल राजस्व टीम के साथ मृतका के घर पहुंची। एसडीएम के साथ मुख्यमंत्री के निर्देश पर शोकाकुल परिवार के घर पहुंचे भाजपा के बृज प्रांत के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य और जिला अध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता एवं पूर्व विधायक कुशाग्र सागर ने एसडीएम कल्पना जयसवाल के साथ मृतक धर्मवती के पति जगपाल सिंह पुत्र इतवारी निवासी ग्राम लभारी थाना इस्लामनगर तहसील बिसौली को “मुख्यमंत्री विवेकाधीन राहत कोष” से दो लाख रुपए का अनुदान चैक प्रदान किया। इस दौरान भाजपा के बृज प्रांत के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य और जिला अध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता एवं बिसौली से पूर्व विधायक कुशाग्र सागर ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि यह हादसा अत्यंत दुःखद और हदय विदारक है। एसडीएम कल्पना जयसवाल ने घटना पर दुख जताते हुए मृतका के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मृतका के पति जगपाल सिंह से भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने घटना के बारे में जानकारी ली और इसके साथ ही जिला अध्यक्ष ने मृतका के पति से कहा की यह दो लाख का चैक प्रदेश सरकार का है। एक चैक दो लाख का केंद्र सरकार से आयेगा। इस दु:ख की घड़ी में सरकार आपके साथ है।

बताते चलें कि इस्लामनगर क्षेत्र के गांव लभारी से धर्मवती पत्नी जगपाल सिंह दो जुलाई को जनपद हाथरस के सिकन्द्राराऊ में आयोजित भोले बाबा के सत्संग में शामिल होने गयी थी। सत्संग में अचानक भगदड़ मच जाने के कारण उनकी मृत्यु हो गयी। इस दौरान खंड विकास अधिकारी मुनब्बर खान, लेखपाल योगेश पुरी,एडीओ पंचायत प्रदीप यादव,ग्राम प्रधान अशोक कुमार,थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह मौजूद रहे।

रिपोर्टर रंजीत कुमार