बदायूँ । सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में मंगलवार को सनसनीखेज घटना से तनाव फैल गया। शहर की बाबा कॉलोनी में दो मासूम सगे भाइयों की गला काटकर हत्या कर दी गई। आरोपी दूसरे समुदाय के हैं। घटना से गुस्साए लोगों ने तीन खोखों में आग लगा दी। इलाके में तनाव है। भारी फोर्स तैनात किया गया है।


बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में मंडी समिति के निकट स्थित बाबा काॅलोनी में मंगलवार रात करीब आठ बजे ठेकेदार विनोद ठाकुर के दो बालकों आयुष (13), अहान (06) की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई।आरोपी दूसरे समुदाय के हैं। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए हैं। दो बच्चों की हत्या से इलाके में तनाव फैल गया है। आक्रोशित लोगों की भीड़ सड़क पर उतर आई। पहले पुलिस चौकी घेरी, फिर तीन खोखों में आग लगा दी। कई जगह तोड़फोड़ भी की गई है।


दो बच्चों की हत्या के बाद शहर के लोगों का गुस्सा भड़का हुआ है। लोग सड़क पर उतर आए हैं। जाम लगा दिया है। दूसरे समुदाय के कई खोखे फूंक दिए हैं। मौके पर भारी पुलिस बल और पैरामिलिट्री फोर्स लग गई है।एक आरोपी साजिद मौके से पकड़ लिया गया है। भीड़ उसे जिंदा जलाना चाहती थी लेकिन पुलिस ने किसी तरह उसे बचाया। आईजी जोन कमिश्नर सौम्या अग्रवाल डीएम मनोज कुमार एसएसपी आलोक प्रयादर्शी समेत तमाम अफसर मौके पर पहुंच गए हैं।


जानकारी के मुताबिक घर पर घटना वक्त विनोद की पत्नी संगीता ही थीं। विनोद कुमार कहीं बाहर गए थे। हत्यारों ने बड़ी बेरहमी के साथ बच्चों को काटा है। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। शहर में तनाव की स्थिति है। वहीं घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात है।