सम्भल। सिद्ध पीठ मां कैला देवी धाम में चल रहे 10 दिवसीय शतचंडी महायज्ञ के आज तीसरे दिन मातृशक्ति वंदन के लिए विशेष आहुतियां देकर नारी शक्ति का विशेष अभिनंदन किया गया।


मां कैला देवी धाम पर हो रहे सत चंडी यज्ञ के आज के मुख्य यजमान अशोक जी जिला कार्यवाह और मनोज यादव सपरिवार रहे। इस अवसर पर संभल से आए श्रद्धालुओं और मां कैला देवी इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने और तमाम यजमानों ने यज्ञ में आहुति दी। और सभी ने परिक्रमा लगाई। इस अवसर पर महंत ऋषि राज गिरी ने कहा कि शतचंडी महायज्ञ 24 अक्टूबर तक चलेगा। प्रतिदिन प्रातकाल 8:00 बजे से संध्या 6:00 बजे तक महायज्ञ चल रहा है। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा के रूप में हम नारी शक्ति का वंदन और अभिनंदन करते हैं। यह हमारी संस्कृति है। विश्व के किसी भी धर्म में नारी

को भगवान की संज्ञा प्राप्त नहीं हो सकी। केवल हमारे सनातन धर्म में ही नारी को ईश्वर मानकर पूजा की जाती है। इससे हमें जीवन पर्यंत यह शिक्षा मिलती है कि बालिकाओं का, मातृशक्ति का प्रतिपल सम्मान करते रहना चाहिए। उन्होंने महायज्ञ के नियम बताते हुए कहा की यज्ञशाला में किसी का भी चमड़े की बेल्ट पहनकर या पर्स लेकर प्रवेश वर्जित है। छोटे भद्दे कपड़े पहन कर जाना भी वर्जित है। उन्होंने बताया कि विधान पूर्वक व्रत

उपवास रखकर जो मां दुर्गा का पूजन करने की इच्छा से कैलादेवी धाम में आएंगे वही यज्ञ शाला में अंदर जाकर आहुति देने के लिए अधिकृत होंगे। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता पर विशेष हर्ष जताते हुए क्षेत्र की खुशहाली और रोगों से मुक्त होने की देवी मां चंडी से प्रार्थना की। उन्होंने मुख्य यजमान के रूप में आए मुख्य अतिथियों तथा मातृशक्ति और कन्याओं को पटका पहनाकर स्वागत अभिनंदन किया। भाजपा नेता संतोष कुमार

गुप्ता ने कहा कि कैला देवी धाम में जो व्यक्ति शुद्ध और पवित्र भाव से महायज्ञ में भाग लेगा उसकी सभी मनोकामनाएं और मां चंडी से की गई प्रार्थनाएं सफल होगी। नीलम गुप्ता, हिरदेश यादव, गौतम चौधरी, कपिल यादव, अरविंद यादव, कृष्णपाल यादव, रिंकू यादव, जुगल किशोर, सत्य प्रकाश यादव आदि ने सभी व्यवस्थाओं में सहयोग किया। ब्लॉक प्रमुख पति हिरदेश कुमार यादव ने बताया कि प्रतिदिन 500 भक्तों की भोजन व्यवस्था तथा 200 भक्तों की शयन व्यवस्था और दिन रात व्रत की खाद्य सामग्री चाय दूध और सभी आगंतुकों का विशेष सम्मान जैसी अनेक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हैं। जिसकी जिम्मेदारी अंतरराष्ट्रीय हरिहर सेना के सभी सदस्य विधिवत निभा रहे हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन जीतपाल सिंह यादव ने किया।

सम्भल से खलील मलिक कि ख़ास रिपोर्ट